उज्जैन, 26 जून 2026
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक टाटा मैजिक वैन में हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, 23-24 जून की रात बड़नगर क्षेत्र में मोहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन की सहायता से करीब 40 फीट ऊंचाई पर लटकाया गया। इसके बाद वाहन के अंदर रखे गए रॉकेट पटाखों में आग लगा दी गई, जिससे तेज धमाका हुआ। विस्फोट के कारण वैन के शीशे और अन्य हिस्से नीचे गिर गए। घटना के समय वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
एफआईआर में नामजद आरोपी
- शोएब खान – आयोजनकर्ता
- जाहिद खान – वाहन पर झंडा लगाने का कार्य
- तलीम खान – वाहन पर झंडा लगाने का कार्य
- गोपाल माली – क्रेन मालिक
सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन के भीतर बड़ी मात्रा में रॉकेट पटाखे रखे गए थे। वैन के दरवाजे और शीशे बंद होने के कारण गैस का दबाव बढ़ा और तेज विस्फोट हुआ। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तरह का प्रदर्शन किसकी अनुमति से किया गया और क्या इसके लिए प्रशासन से कोई स्वीकृति ली गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। ATS और BDS की टीमें भी तकनीकी जांच कर रही हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि विस्फोट केवल पटाखों के कारण हुआ या किसी अन्य विस्फोटक सामग्री का भी उपयोग किया गया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।