विदिशा
जिले में लगातार गिरते तापमान और बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के हित में बड़ा निर्णय लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी विदिशा द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्ड एवं अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए दिनांक 5 जनवरी 2026 से 6 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश केवल कक्षा नर्सरी से पांचवीं तक के छात्रों के लिए रहेगा। जबकि अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियाँ, जैसे परीक्षाएँ आदि, पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होती रहेंगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
जिला प्रशासन का कहना है कि छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि अत्यधिक ठंड के कारण किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या से बचा जा सके।
उक्त आदेश कलेक्टर महोदय के निर्देश पर जारी किया गया है तथा इसकी प्रतिलिपि संबंधित विभागों एवं सभी विद्यालय प्रमुखों को सूचनार्थ प्रेषित कर दी गई है।